भूप एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क :
पानीपत, 27 सितम्बर। खिलाड़ी और युवा हमारे देश की नींव हैं इसलिए वे जो भी काम करें मन लगाकर करें और लक्ष्य को निर्धारित करके ही करें। इससे सफलता मिलनी निश्चित है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने शिवाजी स्टेडियम में आयोजित थ्रो बॉल चैंपियनशिप में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कही। इस मौके पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, मार्केट कमेटी के चेयरमैन अवतार शास्त्री भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी निश्चित तौर पर परिश्रमी और अनुशासित तो होता ही है साथ में वह समाज को जोडऩे का भी काम करता है। हरविंदर कल्याण ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह से भारत का नाम रोशन किया है उससे दूसरे देशों में भारत का सम्मान बढ़ा है। वहीं शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि दोनों टीमें जब भी खेलें, खेल भावना की भावना से ही खेलें, क्योंकि जब खिलाड़ी पवित्र भाव से खेलते हैं तो उनकी काबिलियत और उनकी प्रतिभा में निखार आता है। महीपाल ढांडा ने कहा कि युवाओं पर भारत को विकसित भारत बनाने का दारोमदार है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए भारत का 65 प्रतिशत नौजवान अपनी प्रतिभा को निखार कर दुनिया के उस पार जाकर भी भारत का झंडा ऊंचा करने में सक्षम है। कार्यक्रम में डीसी डॉ.हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला प्रशासन की ओर से सभी का धन्यवाद किया और आयोजन के लिए आयोजकों को बधाइयां भी दी। इस अवसर पर थ्रोबाल एसोसिएशन आफ पानीपत के प्रधान कपिल राठी, महासचिव अमित सिन्हा, दिलबाग देशवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Bhoop Express Live www.bhoopexpresslive.com