भूप एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क
रोहतक, 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट, रोहतक में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान उन्होंने हरियाणा पर्यटन निगम के साथ अपने कार्यकाल के अनुभवों, यादगार पलों एवं पुरानी स्मृतियों को साझा किया तथा एक-दूसरे से आत्मीय मुलाकात की।
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण करते हुए पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, हरित, सुंदर एवं पर्यटक-अनुकूल बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं पुराने साथियों के साथ आत्मीय मिलन का सुखद वातावरण रहा।
इस अवसर पर तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट के प्रबंधक संदीप कुमार सहित रिजॉर्ट का समस्त स्टाफ तथा हरियाणा पर्यटन निगम के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हरियाणा पर्यटन द्वारा विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों के लिए 26 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक तीन दिनों के लिए भोजन एवं कमरों के किराये पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। पर्यटकों से इस विशेष अवसर का लाभ उठाने तथा तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट सहित प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आह्वान किया गया है।
Bhoop Express Live www.bhoopexpresslive.com